प्रथम नवरात्र पर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने निकाली साइकिल राइड, उत्तराखंड की समृद्धि और साइकिलिंग लेन की उठाई मांग
प्रथम नवरात्र पर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने निकाली साइकिल राइड, उत्तराखंड की समृद्धि और साइकिलिंग लेन की उठाई मांग
देहरादून
प्रथम नवरात्र के पावन अवसर पर देहरादून साइक्लिंग क्लब द्वारा प्रेमनगर से साईं मंदिर तक साइकिल राइड का आयोजन किया गया। इस राइड का नेतृत्व क्लब के कम्युनिटी लीडर्स जयन्ती प्रसाद गौड़ एवं सुरिंदर सिंह ने किया। राइड का उद्देश्य युवाओं और नागरिकों के बीच स्वस्थ जीवनशैली, सुरक्षित साइक्लिंग, नशामुक्त देहरादून और पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश प्रसारित करना था।
राइड प्रातः 5 बजे प्रेमनगर से प्रारंभ हुई। साइकिल सवार सुबह 5:30 बजे बल्लूपुर पहुंचे तथा प्रातः 5:50 बजे देहरादून के घंटाघर पर एकत्रित हुए। इसके बाद सभी साइकिलिस्ट घंटाघर से पैसिफिक मॉल और मसूरी डायवर्जन होते हुए अपने अंतिम गंतव्य साईं मंदिर पहुंचे।
साईं मंदिर पहुंचकर सभी साइकिलिस्टों ने उत्तराखंड की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने देहरादून में साइकिल चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समर्पित साइक्लिंग लेन बनाए जाने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि बढ़ते यातायात के बीच साइकिल चालकों के लिए सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है।
क्लब के अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने कम्युनिटी लीडर्स जयन्ती प्रसाद गौड़ एवं सुरिंदर सिंह को बधाई देते हुए कहा कि वे युवाओं और देहरादून के नागरिकों के बीच सकारात्मक संदेश फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन से युवाओं में सुरक्षित साइक्लिंग के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
हरिसिमरन सिंह ने कहा कि साइकिल चलाते समय हेलमेट सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करना, हल्के रंग के कपड़े पहनना तथा कपड़ों और साइकिल पर रिफ्लेक्टर लगाना बेहद जरूरी है, ताकि कम रोशनी में भी साइकिल चालक अन्य वाहन चालकों को स्पष्ट दिखाई दें। सुरक्षित साइक्लिंग की आदतें दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में मदद करती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि “नशामुक्त देहरादून, स्वस्थ देहरादून और फिट देहरादून” देहरादून साइक्लिंग क्लब के प्रमुख उद्देश्य हैं। क्लब नियमित साइकिल राइड और जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, शारीरिक रूप से सक्रिय रहने और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
इस साइकिल राइड में जयन्ती प्रसाद गौड़, सुरिंदर सिंह, हरिसिमरन सिंह, आदर्श रावत, आदर्श झा, मोहम्मद हारिस, अनमोल, प्रणय पंत, आरती, महेश, चित्रांग, अमन सहित क्लब के अन्य सदस्य एवं साइकिलिस्ट उपस्थित रहे।
देहरादून साइक्लिंग क्लब ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे सुरक्षित साइक्लिंग अपनाएं, यातायात नियमों का पालन करें और एक स्वस्थ, स्वच्छ, हरित एवं नशामुक्त देहरादून के निर्माण में अपना योगदान दें।
The post प्रथम नवरात्र पर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने निकाली साइकिल राइड, उत्तराखंड की समृद्धि और साइकिलिंग लेन की उठाई मांग appeared first on Punjab Times.