Sat. Oct 3rd, 2026

₹5.83 करोड़ की लागत से जल्द पूरा होगा आईटीआई कफोटा का भवन- हर्षवर्धन चौहान


₹5.83 करोड़ की लागत से जल्द पूरा होगा आईटीआई कफोटा का भवन- हर्षवर्धन चौहान

 

कफोटा उत्सव के समापन समारोह में की शिरकत

 

नाहन

उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास कार्यक्रम के दौरान गत सांय कफोटा में गांधी जयंती के अवसर पर क्षेत्रीय विकास समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय 15वीं खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

उद्योग मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि भौतिकतावाद और इंटरनेट के दौर में भी प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में मेलों और त्योहारों की महत्ता कम नहीं हुई है। बड़ी संख्या में लोग इन आयोजनों में भाग लेते हैं।उन्होंने कहा कि कफोटा उत्सव के दौरान विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें शिलाई विधानसभा क्षेत्र सहित प्रदेश तथा उत्तराखंड से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उपयुक्त मंच मिला।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि आईटीआई कफोटा के निर्माण कार्य को पूर्ण करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 5 करोड़ 83 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से आईटीआई भवन का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कफोटा शहर का रूप ले रहा है तथा वर्तमान कार्यकाल में यहां अनेक विकास कार्य सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कफोटा क्षेत्र में पेयजल की समस्या उनके संज्ञान में लाई गई, क्षेत्रवासियों को जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि लगभग 5 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बोराड पेयजल आपूर्ति योजना तथा लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से खजुरी-पाटनी पेयजल आपूर्ति योजना का कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। इन दोनों योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा।

उन्होंने बताया कि कफोटा में 33 केवी विद्युत सब-स्टेशन स्थापित किया जा रहा है।जिसके द्वारा इस क्षेत्र में लॉवोल्टेज तथा बिजली कट की समस्या का हल होगा।

उद्योग मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के आसपास के गांवों को सड़कों से जोड़ा गया है तथा इन सड़कों की मेटलिंग और टारिंग का कार्य भी सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ कर लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को समान और बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया गया है, 157 सरकारी विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है। जिनमें शिलाई विधानसभा क्षेत्र के शिलाई, सतौन तथा कफोटा भी शामिल हैं।

उन्होंने राज्य वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कफोटा के लिए चार कमरे तथा क्षेत्रीय विकास समिति को 50 हज़ार रुपए देने की घोषणा की।

इस अवसर पर अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, जिला परिषद् सदस्य खत्री सिंह, पूर्व जिला परिषद् सदस्य जगत सिंह पुंडीर, ओएसडी अत्तर राणा, ई.आई. उद्योग काका राम शर्मा, प्रधान शिल्ला गुमान सिंह, पंचायत समिति सदस्य नेत्र सिंह, प्रधान बोकाला-पाब गीता राम शर्मा, प्रधान शवागा रतन सिंह, प्रधान बटाड मयूनल बाग कल्याण पुंडीर, पूर्व प्रधान रघुवीर कपूर तथा सुमेर ठाकुर, क्षेत्रीय विकास समिति के अध्यक्ष तपेन्द्र सिंह व महा सचिव मुंशी राम पुंडीर तथा सह सचिव सुमेर चंद शर्मा, खेऊटा राम शर्मा, गुलाब सिंह भंडारी, शिलाई जॉन अध्यक्ष गीता राम भंडारी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य रमेश नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

The post ₹5.83 करोड़ की लागत से जल्द पूरा होगा आईटीआई कफोटा का भवन- हर्षवर्धन चौहान appeared first on Punjab Times.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *