Fri. Oct 2nd, 2026

गांधी जयंती पर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने खाराखेत पहुंचकर आंदोलनकारियों को दी श्रद्धांजलि


देहरादून

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने देहरादून वन विभाग के सहयोग से खाराखेत तक विशेष श्रद्धांजलि राइड का आयोजन किया। इस साइकिल रैली का उद्देश्य महात्मा गांधी के शांति, अहिंसा और सत्य के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा स्वतंत्रता आंदोलन में खाराखेत और देहरादून के योगदान को याद करना था।

 

साइकिल रैली की शुरुआत सुबह 5 बजे देहरादून घंटाघर से हुई। साइकिलिस्टों ने घंटाघर–बल्लूपुर–पंडितवाड़ी–प्रेमनगर चौक–नंदा की चौकी–पोंधा– महात्मा गांधी नमक सत्याग्रह आंदोलन स्मारक स्थल खारखेत तक साइकिल यात्रा की। लगभग 5:45 बजे नंदा की चौकी पहुंचने पर वन विभाग के अधिकारी, रेंजर एवं वनकर्मी रैली में शामिल हुए और खाराखेत तक साइकिलिस्टों के साथ रहकर उनकी सुरक्षा एवं मार्गदर्शन में सहयोग किया।

 

रैली का नेतृत्व क्लब के युवा नेता प्रणय पंत ने किया, जबकि क्लब की महिला युवा ननेत्री आरती ने भी प्रतिभागियों के साथ सक्रिय रूप से भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों को महात्मा गांधी के विचारों, शांति, अहिंसा और समाज के प्रति जिम्मेदारी के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही महात्मा गांधी नमक सत्याग्रह आंदोलन स्मारक स्थल खाराखेत के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि देहरादून के लोगों ने भी स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और वर्ष 1930 के दांडी मार्च तथा महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित होकर स्वतंत्रता आंदोलन का समर्थन किया था।

 

देहरादून साइक्लिंग क्लब के अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने देहरादून वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वन विभाग ने रैली के दौरान साइकिलिस्टों की सुरक्षा और मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। उन्होंने विशेष रूप से देहरादून वन अधिकारी श्री वैभव सिंह, रेंजर श्री सोनल पनेरू, राजेश कुमार, डिप्टी रेंजर संजीव कुमार दुबे, वन दरोगा खेमराज सिंह, बीट अधिकारी अजय कुमार, बीट अधिकारी गोबिंदा तथा बीट अधिकारी मोहन लाल का धन्यवाद किया।

 

रैली का समापन खाराखेत स्मारक पर महात्मा गांधी एवं प्रदेश के स्वतंत्रता सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। साइकिलिस्टों ने स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए शांति, अहिंसा, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया।

 

इस अवसर पर प्रणय पंत, आरती, हरिसिमरन सिंह, चित्रांग, मोहम्मद हारिस, अमन, प्रांजल, आर्यन चौहान, आदर्श रावत, देवरत, प्रांजल कपूर, अनमोल चौधरी, अनिरुद्ध, महावीर सिंह, शन्वी पुंडीर, केशव पुंडीर सहित देहरादून साइक्लिंग क्लब के अनेक सदस्य एवं अन्य साइकिलिस्ट उपस्थित रहे।

 

देहरादून साइक्लिंग क्लब ने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

 

 

The post गांधी जयंती पर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने खाराखेत पहुंचकर आंदोलनकारियों को दी श्रद्धांजलि appeared first on Punjab Times.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *