Fri. Nov 27th, 2026

उत्तराखण्ड को साहसिक खेलों के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित कर रहे ऐसे आयोजन: गणेश जोशी*


*658 किलोमीटर की MTB रेस ने कुमाऊँ से गढ़वाल तक दिया एकता का संदेश, 18 राज्यों के 66 साइकिलिस्टों ने लिया प्रतिभाग*

 

मसूरी

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज मसूरी नगर पालिका के टाउन हॉल में आयोजित अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन MTB चैलेंज 2026 के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता के विजेताओं को ट्रॉफी एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न भेंट किए।

 

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड प्राकृतिक सौंदर्य, विषम भौगोलिक परिस्थितियों और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला प्रदेश है। इस प्रकार के आयोजन उत्तराखण्ड को साहसिक खेलों के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करने के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में शीतकालीन पर्यटन और स्थानीय आजीविका को नई गति दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशभर के साइकिलिस्टों ने कुमाऊँ से गढ़वाल तक 658 किलोमीटर का सफर तय कर उत्तराखण्ड की एकता और सांस्कृतिक जुड़ाव का संदेश दिया है। यह रेस इस बात का प्रमाण है कि उत्तराखण्ड के पर्वतीय मार्ग साहसिक खेलों के लिए देश के सर्वश्रेष्ठ गंतव्यों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा मिलता है और प्रदेश के कम प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अपनी पहचान बनाते हैं। इससे मार्ग में पड़ने वाले गांवों में होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होते हैं। हमारा प्रयास है कि उत्तराखण्ड वर्षभर साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पर्यटन के नए आयाम स्थापित करने और स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

 

उल्लेखनीय है कि राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद द्वारा साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) के सहयोग से अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन MTB चैलेंज 2026 का आयोजन किया गया। 20 नवम्बर को नैनीताल जनपद के मुक्तेश्वर में आयोजित शुभारंभ समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से रेस का उद्घाटन किया था। प्रतियोगिता में देश के 18 राज्यों के साथ ही भारतीय थल सेना, वायु सेना एवं ITBP के कुल 66 साइकिलिस्टों ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने मुक्तेश्वर, पिथौरागढ़, बागेश्वर, तिलवाड़ा, टिहरी एवं चिन्यालीसौड़ होते हुए मसूरी तक कुल 658 किलोमीटर की दूरी छह चरणों में पूरी की। कुमाऊँ और गढ़वाल के 10 जनपदों को एक ही मार्ग से जोड़ने वाली यह रेस प्रदेश की एकता और आपसी जुड़ाव का प्रतीक बनी। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर साइकिलिस्टों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

 

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिनव शाह, उत्तराखण्ड होटल एसोसिएशन एवं मसूरी होटल एसोसिएशन के महासचिव मनिन्दर पाल सिंह, कोषाध्यक्ष विमल चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

The post उत्तराखण्ड को साहसिक खेलों के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित कर रहे ऐसे आयोजन: गणेश जोशी* appeared first on Punjab Times.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *