Sun. Nov 15th, 2026

बाल दिवस एवं विश्व मधुमेह दिवस पर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने निकाली 36 किलोमीटर की जागरूकता राइड, बच्चों को दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश*


 

*बाल दिवस एवं विश्व मधुमेह दिवस पर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने निकाली 36 किलोमीटर की जागरूकता राइड, बच्चों को दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश*

देहरादून

बाल दिवस एवं विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर देहरादून साइक्लिंग क्लब द्वारा बच्चों एवं आम नागरिकों में स्वास्थ्य, फिटनेस और मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता साइक्लिंग राइड का आयोजन किया गया। लगभग 36 किलोमीटर लंबी इस राइड का शुभारंभ प्रेमनगर से सुबह 5 बजे हुआ। राइड नंदा की चौकी, फुलसनी, आमवाला चौकी एवं चौकी धौलास होते हुए वापस प्रेमनगर पहुंचकर संपन्न हुई।

इस जागरूकता राइड का नेतृत्व वरिष्ठ साइकिलिस्ट श्री सुरेंद्र कुमार एवं श्री जयन्ती प्रसाद गौड़ ने किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ साइकिलिस्ट सुरेंद्र कुमार ने कहा कि यह राइड बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के प्रति क्लब का प्रेम और समर्पण है। आजकल बच्चे अपना बहुत अधिक समय मोबाइल, टीवी एवं अन्य डिजिटल स्क्रीन पर बिता रहे हैं। ऐसे में साइक्लिंग बच्चों को अनुशासित रखने, स्क्रीन टाइम कम करने और शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ बनाने का एक बेहतरीन माध्यम है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में प्रश्न पूछना और अपनी जिज्ञासाओं को व्यक्त करना सीखने की बुनियादी नींव है। प्रश्न आसान हो या कठिन, बच्चों को हमेशा सवाल पूछने चाहिए, क्योंकि जिज्ञासा ही ज्ञान प्राप्त करने का पहला कदम है।

वरिष्ठ साइकिलिस्ट जयन्ती प्रसाद गौड़ ने विश्व मधुमेह दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत में मधुमेह के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और जागरूकता की कमी इस समस्या को और गंभीर बना रही है। गलत खानपान, फास्ट फूड का अत्यधिक सेवन, शारीरिक व्यायाम की कमी और अनियमित दिनचर्या इसके प्रमुख जोखिम कारक हैं। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि अब युवा वर्ग भी तेजी से इस बीमारी की चपेट में आ रहा है। उन्होंने बच्चों एवं उपस्थित साइकिलिस्टों को टाइप-1 और टाइप-2 मधुमेह के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा बताया कि नियमित व्यायाम, संतुलित एवं पौष्टिक भोजन और अनुशासित जीवनशैली मधुमेह से बचाव एवं उसके बेहतर प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

देहरादून साइक्लिंग क्लब के अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने वरिष्ठ साइकिलिस्टों के असाधारण प्रयासों की सराहना करते हुए इस जागरूकता राइड के सफल आयोजन पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत सराहनीय है कि क्लब साइक्लिंग के माध्यम से एक ओर मधुमेह जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या के प्रति जागरूकता फैला रहा है, वहीं दूसरी ओर विभिन्न विद्यालयों से आए बच्चों के साथ बाल दिवस मनाकर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने कहा कि साइक्लिंग केवल एक खेल या व्यायाम नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का सशक्त माध्यम है।

इस राइड में वरिष्ठ साइकिलिस्ट सुरेंद्र कुमार, जयन्ती प्रसाद गौड़, चित्रांग, मोहम्मद हैरिस, प्रणय पंत, आदर्श रावत, आर्यन चौहान, मनिंदर सिंह, तेजिंदर पाल सिंह, वैभव रंजन, चंदन, वेदांश थापा, नमन रौतेला, यश, अनमोल, प्रांजल कपूर, चैतन्य, अर्नव पॉल, अमन सहित विभिन्न विद्यालयों से आए बच्चों एवं क्लब के अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

देहरादून साइक्लिंग क्लब ने इस आयोजन के माध्यम से संदेश दिया कि बच्चों को मोबाइल स्क्रीन से बाहर निकालकर साइक्लिंग एवं खेलकूद से जोड़ना और समाज को मधुमेह के प्रति जागरूक करना स्वस्थ एवं खुशहाल समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

देहरादून साइक्लिंग क्लब
साइकिल चलाओ, पर्यावरण बचाओ, स्वस्थ देहरादून बनाओ।

 

The post बाल दिवस एवं विश्व मधुमेह दिवस पर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने निकाली 36 किलोमीटर की जागरूकता राइड, बच्चों को दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश* appeared first on Punjab Times.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *