Mon. Nov 9th, 2026

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राज्य स्थापना दिवस पर मसूरी शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि*


मसूरी

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मसूरी स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पृथक उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को नमन करते हुए उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान का स्मरण किया।

 

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान की बदौलत ही हमें पृथक राज्य की सौगात मिली है। उन्होंने राज्य आंदोलन में मातृशक्ति के अतुलनीय योगदान को भी स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया। कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने में देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का ऐतिहासिक योगदान रहा है। उन्होंने उत्तराखण्डवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने उत्तराखण्ड राज्य बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे संवारने का कार्य कर रहे हैं।

 

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। इन वर्षों में प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य आंदोलनकारियों की भावनाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

 

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड आने वाले समय में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने समस्त प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

 

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, दायित्वधारी ज्योति कोटिया, मोहन पेटवाल सहित कई लोग उपस्थित रहे।

The post कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राज्य स्थापना दिवस पर मसूरी शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि* appeared first on Punjab Times.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *