Sat. Nov 7th, 2026

कपकोट विधायक निधि में करोड़ों के भ्रष्टाचार का आरोप, 8 हजार की क्रिकेट किट 32 हजार में खरीदी: राज्य स्वराज पार्टी


कपकोट विधायक निधि में करोड़ों के भ्रष्टाचार का आरोप, 8 हजार की क्रिकेट किट 32 हजार में खरीदी: राज्य स्वराज पार्टी

देहरादून

राज्य स्वराज पार्टी (RSP) ने कपकोट विधायक निधि से क्रिकेट किट खरीद में बड़े वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है। महानगर कार्यालय में शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के वरिष्ठ नेता बॉबी पंवार, महानगर अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, देवेन्द्र बिष्ट और ललित श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि मार्च 2026 में खरीदी गई 208 क्रिकेट किटों का बाजार मूल्य करीब 8,075 रुपये प्रति किट था, जबकि उत्तराखंड कोऑपरेटिव फेडरेशन के माध्यम से इन्हें 32 हजार रुपये प्रति किट की दर से खरीदा गया। पार्टी ने इसे सरकारी धन का दुरुपयोग बताते हुए जांच की मांग की।

बॉबी पंवार ने सवाल उठाया कि खरीदी गई 208 किटों में से अब तक केवल कुछ गांवों में ही किट वितरित की गई हैं, जबकि शेष किटों का कोई स्पष्ट हिसाब सामने नहीं आया है। उन्होंने कपकोट में खेल स्टेडियम निर्माण, निजी कोऑपरेटिव संस्थाओं और पीएमजीएसवाई की सड़कों के टेंडरों में भी अनियमितताओं तथा कमीशनखोरी के आरोप लगाए।

पार्टी नेताओं ने कहा कि कपकोट क्षेत्र में अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी, अल्ट्रासाउंड सुविधा का अभाव और स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों के बावजूद मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वहीं, गांवों में नियमों के विपरीत बार संचालित होने का भी आरोप लगाया।

राज्य स्वराज पार्टी ने कपकोट और चकराता विधायक निधि मामलों की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पार्टी ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

The post कपकोट विधायक निधि में करोड़ों के भ्रष्टाचार का आरोप, 8 हजार की क्रिकेट किट 32 हजार में खरीदी: राज्य स्वराज पार्टी appeared first on Punjab Times.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *