Sun. Nov 22nd, 2026

अखिलेश यादव की टिप्पणी पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी बोले—योगी आदित्यनाथ से माफी मांगें


देहरादून

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की टिप्पणी के विरोध में रविवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने देहरादून के कुठाल गेट पर पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के बयान की निंदा करते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की।

 

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि अखिलेश यादव ने सनातन के प्रहरी और उत्तराखंड के वासी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया है। इस टिप्पणी की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद देश के सबसे लोकप्रिय नेताओं में स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे सर्वेक्षणों में उत्तर प्रदेश के लोगों की मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ के प्रति पसंद दिखाई दे रही है। इसी से बौखलाकर अखिलेश यादव ने इस तरह की टिप्पणी की है।

 

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज प्रतीकात्मक रूप से अखिलेश यादव के पुतले के साथ उनकी सोच का भी दहन किया है। उन्होंने मांग की कि अखिलेश यादव को अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अखिलेश यादव को माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी बड़ी संख्या में उत्तराखंड के लोग रहते हैं। ऐसे में अखिलेश यादव की इस टिप्पणी का असर उनके राजनीतिक जनाधार पर भी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की जनता भी उन्हें जवाब देगी।

 

प्रदर्शन के दौरान दायित्वधारी ज्योति कोटिया, दायित्वधारी शमशेर सिंह बिष्ट, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, संध्या थापा, मोहित खरोला, अंशुल चावला सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

The post अखिलेश यादव की टिप्पणी पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी बोले—योगी आदित्यनाथ से माफी मांगें appeared first on Punjab Times.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *