Mon. Jul 27th, 2026

मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न सड़कों के मरम्मत कार्यों के संबंध में बैठक करते कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी


देहरादून

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज कैंप कार्यालय में नगर निगम, एडीबी तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न सड़कों के मरम्मत कार्यों को लेकर बैठक की। बैठक में संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई तथा स्थानीय समस्याओं पर गहन मंथन किया गया।

 

बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र के नगर निगम क्षेत्रांतर्गत क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य तत्काल प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं।

 

मंत्री गणेश जोशी ने संबंधित अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत से संबंधित लंबित इस्टीमेट शीघ्र स्वीकृत कराकर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम, एडीबी एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।

 

बैठक में मंत्री गणेश जोशी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को पुराने एवं जर्जर बिजली के पोलों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने तथा ढीले और लटकते बिजली के तारों को व्यवस्थित कर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि विकास कार्यों को गति मिले और जनता को बेहतर एवं सुरक्षित आधारभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।

 

इस अवसर पर नंदनी शर्मा, सुरेंद्र राणा, मोहन बहुगुणा, प्रदीप रावत, भावना चौधरी, योगेश घाघट, संजय नौटियाल, सहायक नगर आयुक्त विनय प्रताप, अधीक्षण अभियंता विद्युत राहुल जैन सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

The post मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न सड़कों के मरम्मत कार्यों के संबंध में बैठक करते कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी appeared first on Punjab Times.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *