Mon. Jul 20th, 2026

पेड़ बचाओ साइक्लिंग रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश


देहरादून

 

देहरादून साइक्लिंग क्लब द्वारा आज “पेड़ बचाओ साइक्लिंग रैली” का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य आमजन को पेड़ों के महत्व, स्वच्छ वायु, बेहतर जीवन गुणवत्ता, वन्यजीव संरक्षण, विशेषकर हाथी कॉरिडोर की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। रैली के माध्यम से हाल ही में भानियावाला–ऋषिकेश के सात मोड़ क्षेत्र में लगभग 3000 पेड़ों की प्रस्तावित कटाई पर भी चिंता व्यक्त की गई।

 

रैली का शुभारंभ प्रेमनगर से हुआ तथा यह पंडितवाड़ी – एफआरआई – बल्लूपुर – यमुना कॉलोनी – बिंदाल पुल – घंटाघर होते हुए सम्पन्न हुई। साइकिल चालकों ने पूरे मार्ग में पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्ष बचाने का संदेश दिया।

 

इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने कहा कि उत्तराखंड वृक्षों और पर्यावरण की रक्षा करने वाले लोगों की भूमि है। उन्होंने कहा कि गौरा देवी और उनकी साथियों ने विश्व प्रसिद्ध चिपको आंदोलन की शुरुआत कर पेड़ों की रक्षा का संदेश दिया था, जबकि सुंदरलाल बहुगुणा ने गंगा और पर्यावरण संरक्षण के लिए अपना जीवन समर्पित किया और लंबे समय तक अनशन किया। यह विरासत उत्तराखंड की पहचान है।

 

उन्होंने कहा कि विकास आवश्यक है, लेकिन ऐसा विकास स्वीकार्य नहीं हो सकता जिसकी कीमत हजारों पेड़ों और पर्यावरण को चुकानी पड़े। सरकार को किसी भी बड़े स्तर पर वृक्षों की कटाई का निर्णय लेने से पहले कई बार विचार करना चाहिए, क्योंकि राज्य के नागरिक इस प्रकार की कटाई का लगातार विरोध कर रहे हैं। देहरादून साइक्लिंग क्लब उन सभी पर्यावरणविदों, सामाजिक संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों के साथ खड़ा है जो अनावश्यक वृक्ष कटान के विरुद्ध आवाज़ उठा रहे हैं।

 

रैली में हरिसिमरन सिंह, प्रणय पंत, आरती, महावीर, शानवी, केशव, चित्रांग, हैरिस सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

 

The post पेड़ बचाओ साइक्लिंग रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश appeared first on Punjab Times.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *