शहीद पंकज गुरुंग मेमोरियल बैडमिंटन टूर्नामेंट का हुआ समापन, कैबिनेट मंत्री ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
देहरादून
देहरादून के जोहड़ी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में पूर्व सैनिक संगठन जोहड़ी गांव द्वारा आयोजित तीन दिवसीय शहीद पंकज गुरुंग मेमोरियल बैडमिंटन टूर्नामेंट का समापन फाइनल मुकाबलों के साथ हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सूबे के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी उपस्थित रहे।
गत सात वर्षों से आयोजित हो रहा यह टूर्नामेंट क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन से क्षेत्र में खेलों के प्रति युवाओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है तथा नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि “खेल में जीत और हार दोनों जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। जीत हमें उत्साहित और आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है, वहीं हार हमें आत्ममंथन करने तथा जीवन की कठिन परिस्थितियों का सामना करने के लिए मजबूत बनाती है। इसलिए प्रत्येक खिलाड़ी को खेल भावना, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।”
उन्होंने शहीद पंकज गुरुंग के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनके सम्मान में आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट संदेश देती है।
इस अवसर पर शहीद पंकज गुरुंग की माताजी आरती गुरुंग, आयोजन समिति के अध्यक्ष कैप्टन सुख बहादुर गुरुंग, राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, महानगर उपाध्यक्ष संध्या थापा, सपना मल्ल, दिनेश प्रधान, कमल गुरुंग, मधुसूदन आले, नितेन्द्र बोहरा, दुर्गेश गौतम, विश्वजीत,नरेश रतूड़ी, अनिल थापा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
The post शहीद पंकज गुरुंग मेमोरियल बैडमिंटन टूर्नामेंट का हुआ समापन, कैबिनेट मंत्री ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह appeared first on Punjab Times.