Sun. Jun 14th, 2026

देहरादून साइक्लिंग क्लब द्वारा आज उत्तराखंड के गौरव एवं देश के महान निशानेबाज स्वर्गीय जस्‍पाल राणा जी की स्मृति में एक विशेष श्रद्धांजलि साइकिल रैली का आयोजन किया गया।


देहरादून

 

देहरादून साइक्लिंग क्लब द्वारा आज उत्तराखंड के गौरव एवं देश के महान निशानेबाज स्वर्गीय जस्‍पाल राणा जी की स्मृति में एक विशेष श्रद्धांजलि साइकिल रैली का आयोजन किया गया।

रैली में शामिल साइकिल चालक प्रातः 4:50 बजे बल्लूपुर चौक पर एकत्रित हुए। इसके पश्चात रैली प्रेमनगर, नंदा की चौकी एवं पौंधा होते हुए जस्‍पाल राणा शूटिंग रेंज पहुँची।

शूटिंग रेंज पहुँचने पर साइक्लिस्टों ने स्वर्गीय जस्‍पाल राणा जी के पिता श्री नारायण सिंह राणा जी से मुलाकात की। अपने पुत्र को श्रद्धांजलि देने के लिए देहरादून से बड़ी संख्या में साइक्लिस्टों को आया देखकर वे भावुक हो गए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

देहरादून साइक्लिंग क्लब के अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह एवं अन्य साइक्लिस्टों ने जस्‍पाल राणा जी को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने शूटिंग रेंज का भ्रमण किया, उस कक्ष को देखा जहाँ जस्‍पाल राणा जी समय बिताया करते थे तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर उनके जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने कहा कि जस्‍पाल राणा जी का सपना एक स्वस्थ, नशामुक्त एवं हरित देहरादून का था। देहरादून साइक्लिंग क्लब इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए नियमित रूप से साइक्लिंग, रनिंग, वॉकिंग एवं योग जैसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा ताकि युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।

श्री नारायण सिंह राणा जी ने क्लब से अनुरोध किया कि जस्‍पाल राणा जी की स्मृति में उनकी शूटिंग रेंज से उनके पैतृक गाँव नैनबाग तक एक लंबी साइकिल यात्रा का आयोजन किया जाए। इस पर क्लब अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही इस संबंध में योजना बनाकर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस श्रद्धांजलि रैली में प्रणय पंत, चित्रांग, अमन, मोहम्मद हारिस, सुरेंद्र सिंह, रुद्रप्रताप सिंह, मोनू, हरिसिमरन सिंह सहित देहरादून साइक्लिंग क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने जस्‍पाल राणा जी के आदर्शों को आगे बढ़ाने तथा स्वस्थ, नशामुक्त एवं पर्यावरण-अनुकूल समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

The post देहरादून साइक्लिंग क्लब द्वारा आज उत्तराखंड के गौरव एवं देश के महान निशानेबाज स्वर्गीय जस्‍पाल राणा जी की स्मृति में एक विशेष श्रद्धांजलि साइकिल रैली का आयोजन किया गया। appeared first on Punjab Times.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *