Wed. Nov 18th, 2026

ओलम्पिक पहलवानों सहित सैकड़ों किसान महिलाओं व कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी निंदनीय : बीबा राजविंदर कौर राजू

ओलम्पिक पहलवानों सहित सैकड़ों किसान महिलाओं व कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी निंदनीय : बीबा राजविंदर कौर राजू

क्रूर भाजपा सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस ने किया अत्याचार : महिला किसान यूनियन

लोकतंत्र बचाने के लिए मोदी की तानाशाही के खिलाफ देश की सभी शांतिप्रिय ताकतों को एकजुट होने का निमंत्रण

जालंधर

संयुक्त किसान मोर्चा की सदस्य महिला किसान यूनियन ने महिला पहलवानों से छेड़छाड़ के आरोपी भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रधान भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह को अध्यक्ष पद से हटाने की मांग के लिए जंतर-मंतर, नई दिल्ली पर धरना दे रही महिला पहलवानों सहित सैकड़ों किसानों, बुजुर्ग महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भाजपा सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस द्वारा अवैध गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है और कहा है कि यौन उत्पीडऩ के खिलाफ न्याय मांग रही देश की बेटियों को इंसाफ़ देने की बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार उन पर दमन, अत्याचार और उत्पीड़न कर रही है इस लिये देश की सभी शांतिप्रिय ताकतों को इस तानाशाही के ख़िलाफ एकजुट होने की जरूरत है।

 

महिला यूनियन सदस्यों के साथ दिल्ली जंतर-मंतर पर पहुंची महिला किसान यूनियन की अध्यक्ष बीबा राजविंदर कौर राजू ने कहा कि गिरफ्तारी के दौरान दिल्ली पुलिस के पुरुष सदस्यों ने बेशर्मी से महिलाओं को घसीटा और बसों में फेंक दिया। दिल्ली में जहां संसद के नए भवन में लोकतंत्र के स्तंभ के रूप में जश्न मनाया जा रहा था, वहीं दूसरी ओर उसी सरकार के इशारे पर कुछ दूरी पर लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन किया जा रहा था।

 

महिला किसान नेता ने आरोप लगाया कि पहलवान लड़कियों ने ओलंपिक पदक जीतकर विदेशों में भारत का नाम और तिरंगे झंडे की शान बढ़ाई है, जबकि इस बाहुबली पर डेढ़ दर्जन आपराधिक मामले दर्ज होने के बावजूद केंद्रीय भाजपा सरकार बच्चियों का यौन शोषण करने वाले अपने इस दोषी सांसद को बचाने पर आमादा है।

 

बीबा राजविंदर कौर राजू ने मांग की है कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले इस बाहुबली अध्यक्ष के बरखिलाफ दर्ज यौन शोषण के दोनों मुक़दमों में इसे तत्काल गिरफ्तार किया जाए और केंद्र सरकार उसे सभी संवैधानिक पदों से हटाए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *